Archive for हैदराबाद की पहचान

नुमाइश

पारा जैसे जैसे लुढ़कता जाता है लोग उत्सव की प्रतीक्षा करते हैं यानि क्रिसमस की और इस समय विश्व भर में इंतज़ार रहता हैं नए साल का, लेकिन हम  हैदराबादी इस समय एक तीसरी चीज़ का भी इंतज़ार करते हैं, वह हैं – नुमाइश

आजकल यहाँ लोग नुमाइश को अधिकतर एक्जीबिशन कहने लगे है, कुछ बाहर से आकर बसे लोग इंडस्ट्रियल एक्जीबिशन कहते हैं, हिन्दी लोग प्रदर्शनी भी कहते हैं पर हैदराबादी संस्कृति में नुमाइश ही कहा जाता हैं। हैदराबादी संस्कृति का अंग हैं नुमाइश जिसकी शुरूवात 1938  में हुई जब यह हैदराबाद रियासत थी। निजाम सरकार के शासक मीर उस्मान अली खाँ  ने इसकी बहुत अच्छे उद्येश्य से शुरूवात की थी। तब से लेकर आज तक इसका उद्येश्य और अवधि बदली नहीं हैं। अवधि हैं 45 दिन, नए साल के पहले दिन 1 जनवरी से 15 फरवरी तक। पहले 40 दिन की अवधि हुआ कराती थी फिर दो-तीन दिन बढाया जाता था लेकिन अब स्थयी रूप से 45 दिन ही हैं।

इस वर्ष 1913 में 1 जनवरी  से शुरू नुमाइश 73 वीं नुमाइश हैं, जी हाँ 73 साल से लगातार 45 दिन का आयोजन शायद ही विश्व में कही हो जिस पर हम हैदराबादियों को गर्व हैं।

शहर का सबसे बडा मैदान नामपल्ली रेलवे स्टेशन के पास हैं, यही नुमाइश का स्थल हैं इसीसे इसे नुमाइश मैदान या एक्जीबिशन ग्राउण्ड कहते हैं। यह मैदान ही हैं, यहाँ टैंटो से दुकाने बनाई जाती हैं। यह औद्योगिक नुमाइश ही हैं जिसके प्रवेश द्वार पर संख्या के साथ यह अंग्रजी में लिखा होता हैं जैसे इस बार लिखा हैं – 73 इंडस्ट्रियल एक्जीबिशन

नुमाइश की व्यवस्था के लिए यहाँ बाकायदा एक समिति हैं जो एक-दो महीने पहले से ही अपना काम शुरू कर देती हैं जैसे निविदाएं निकालना और आवेदन के अनुसार स्टाल ( दुकानों ) के लिए जगह आबंटित करना। जैसे कि इसका उद्येश्य है अपने माल को यहाँ दिखाना और बेचना, देश भर से व्यापारियों को आमंत्रित  किया जाता हैं। निजाम सरकार यही चाहती थी कि देशभर के व्यापारी एक जगह इकठ्ठा होकर अपने सामान की प्रदर्शनी लगाए और हैदराबादी इन्हें देखे और खरीददारी करे। आजकल चीन जैसे देशो की क्राकरी मशहूर होने से विदेशो से भी व्यापारी आ रहे हैं।

विभिन्न राज्यों के व्यापारी अपना विशेष  माल लाते हैं जैसे मुम्बई से रेडीमेड कपडे, लखनऊ का चिकन, कश्मीर का सिल्क और सूखे मेवे , कलकता काटन आदि। यहाँ हर चीज़ की दुकाने होती हैं, कपडो के आलावा, इलेक्ट्रानिक्स, प्रसाधन,  घरेलु उपयोगी सभी। खाने-पीने की दुकाने हैं। बच्चो के लिए झूले आदि हैं। इसका पूरा समय यानि दोपहर 3 बजे से लेकर रात के 12 बजे तक बहुत भीड रहती हैं। एक रेडियो स्टेशन भी स्थापित हैं जहां से खोए हुए लोगो की जानकारी दी जाती हैं, अगर कोई खो जाए तो उसे सीधे रेडियो स्टेशन पहुँचा दिया जाता हैं। यहाँ से लोकप्रिय हिन्दी फिल्मो के गीत सुनवाए जाते हैं जिससे घूमने का मज़ा बढ जाता हैं। कुछ विज्ञापन भी प्रसारित होते हैं।  इन सभी कामो के लिए और दुकानों के लिए भी और टिकट खिडकी के लिए कुछ लोगो को रोज़गार मिल जाता हैं। टिकट खिड़कियाँ 5-6 हैं ताकि लोगो को अधिक इंतज़ार न करना पडे। टिकट आजकल बच्चो के लिए 5 और बडो के लिए 10 रूपए है और रविवार को 20 रूपए हैं। तीन साल तक के बच्चो को निशुल्क हैं।

हमेशा से यहाँ 1000 से अधिक दुकाने होती हैं। बहुत पहले एक खेल हुआ करता था जिसमे रात 8 बजे एक व्यक्ति अपने शरीर पर कैरोसिन डाल कर आग लगा कर नीचे पानी में कूद जाता था। अब इसे बंद कर दिया गया हैं। अब एक जगह स्टेज लगा कर सांसकृतिक कार्यक्रम होते हैं। इस तरह से समय के साथ हल्का बदलाव आ रहा हैं। पहले हैदराबाद की पर्दानशी औरतों  का ध्यान रखा कर सप्ताह में दो बार मंगलवार और शुक्रवार को लेडीज़ डे होता था जिस दिन केवल महिलाओं को ही प्रवेश मिलता था पर अब आधुनिकता से लेडीज़ डे को घटती भीड से लेडीज़ डे पहले सप्ताह में एक दिन और अब पूरे सीज़न में दो या तीन बार ही रखा जाता हैं। लेकिन 31 जनवरी का चिल्ड्रन्स डे बदस्तूर जारी हैं। इस दिन सिर्फ बच्चे ही नुमाइश में जा सकते हैं और वो भी निशुल्क। पहले सभी बच्चो के लिए था बाद में स्कूली बच्चे अपने आई कार्ड दिखा कर और छोटे स्कूलों के बच्चे कागज़ पर स्कूल की मोहर दिखा कर प्रवेश लेने लगे।

नए साल के पहले दिन 5 बजे उदघाटन की परम्परा अब भी हैं, पहले निजाम उदघाटन किया करते थे अब प्रदेश के मुख्य मंत्री करते हैं। टिकट से और दुकानों के किराए से जो भी धनराशि इकट्ठा होती हैं उससे हमेशा से ही पिछड़े क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों को वित्तीय सहायता दी जाती हैं।

टिप्पणियाँ (2s)

बारिश के मौसम में गरमागरम मिर्चियाँ

बारिश की रिमझिम हो या तेज फुहार, मन करता हैं एक कप चाय हो और साथ में हो कुछ गरमागरम।

बारिश में गरमागरम पकौड़े आम हैं पर हैदराबाद में बारिश में गरमागरम मिर्चियों का मजा लिया जाता हैं।

तो चलिए आज हम आपको मिर्चियाँ बनाना बता रहे हैं। सामग्री हैं -

बेसन, हरी लम्बी मोटी मिर्चियाँ, नमक स्वाद के अनुसार, तलने के लिए तेल

बेसन में नमक मिला कर पानी मिलाकर घोल बना लीजिए। कढाई में तेल गरम करे। मिर्चियों के बीच में एक चीरा लगा दे पर डंठल न निकाले। डंठल से पकड़ कर मिर्ची को बेसन के घोल में डुबोए और तल ले। तैयार हैं गरमागरम मिर्चियाँ।

टिप्पणियाँ (1)

खट्टी-मीठी हैदराबादी चटनी

आज हम आपको खट्टी-मीठी हैदराबादी चटनी बनाना बताते हैं।

वैसे इसमे खट्टे मीठे के साथ तीखापन भी हैं। इसकी सामग्री हैं -

एक चम्मच इमली, आधा चम्मच गुड या शक्कर, 4-5 सूखी लाल मिर्च, एक चम्मच मूंगफली के दाने, थोड़ा सा तेल, नमक स्वादानुसार

विधि - इमली को पानी में आधे घंटे तक भिगो कर रखे। तेल गर्म कर उसमे पहले मिर्चे हल्का तल कर निकाल ले। फिर मूंगफली के दाने तल कर निकाले।

इमली को थोड़ा मसल कर निकाल ले और छान ले। इस खट्टे पानी में गुड या शक्कर, तली हुई मिर्चे और मूंगफली तथा नमक डाल कर पीस ले। चटनी तैयार हैं।

टिप्पणियाँ (2s)

Older Posts »
Follow

Get every new post delivered to your Inbox.